Sarangarh

सारंगढ़ में दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 8 बाइक के साथ 7 आरोपी पकड़े गए

सारंगढ़। कोतवाली सारंगढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की कुल 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपियों में दो बालिग और पांच विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी जिले और आसपास के क्षेत्रों से वाहन चुराकर उन्हें ओडिशा में बेचने की फिराक में थे।

सीसीटीवी फुटेज के जरिए पकड़े गए दो मुख्य आरोपी

सारंगढ़ बस स्टेशन और जिला अस्पताल के पास से 10 अक्टूबर 2026 को एक ही दिन में दो मोटरसाइकिलें चोरी हुई थीं। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली सारंगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे संदिग्धों की पहचान संभव हो सकी।

पहचान पुख्ता होने के बाद पुलिस ने ग्राम रायकोना (थाना सरसीवा) निवासी 24 वर्षीय देवचरण और पंकज को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत 70,000 रुपये है।

ओडिशा में गाड़ियां खपाने की थी तैयारी

आरोपियों से पूछताछ के दौरान चोरी के 6 अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि गिरोह जिले के बाहर से भी गाड़ियां चुरा रहा था। इन बरामद वाहनों में सरायपाली, सागरपाली, लम्बरपाली और रायगढ़ से चुराई गई मोटरसाइकिलें शामिल हैं। इन वारदातों में शामिल अन्य आरोपी भी ग्राम रायकोना के निवासी हैं और वे विधि से संघर्षरत बालक हैं।

पुलिस ने पूरी कार्रवाई के दौरान कुल 8 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं, जिनमें 4 हीरो एचएफ डीलक्स, 1 स्कूटी और 1 हीरो स्प्लेंडर शामिल हैं।

बीएनएस के तहत मामला दर्ज, सभी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविंद दीवान के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस धरपकड़ में प्रशिक्षु उप निरीक्षक विवेक सिंह चौहान, एएसआई रजक, प्रधान आरक्षक भुवन लाल काटले, महेंद्र सिंह मार्को, केशव प्रसाद देवता तथा आरक्षक नंदकिशोर भारद्वाज और संजय भारद्वाज की भूमिका रही।

Show More
Back to top button