डिप्टी सीएम विजय शर्मा की घूसखोरों को दो टूक: “जनता ऊपर कोनो एहसान नई करत हें, एको दिन गड़बड़ पकड़ाही ता मुरकुटा जाबे

“एको दिन गड़बड़ी धराय म आही त मुरकुटा जाबे” – डिप्टी सीएम विजय शर्मा के सख्त तेवर, किसान मन के काम म नइ होय लापरवाही
कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी है। लोहारा में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों में किसानों से काम के बदले पैसे मांगने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मंच से उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “एको दिन गड़बड़ पकड़ाही ता मुरकुटा जाबे, किसान मनके काम होना चाहिए।”
धान खरीदी में गड़बड़ी की शिकायत पर पटवारी निलंबित
लोहारा क्षेत्र में धान खरीदी से जुड़े मामले को लेकर किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों से सीधे बैठकर चर्चा की और मामले की जानकारी ली। इसके तुरंत बाद संबंधित पटवारी को निलंबित करने की कार्रवाई की गई।
पटवारी के निलंबन के बाद पटवारी संघ के प्रतिनिधियों ने उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की और कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए। इस पर विजय शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि पटवारी काम नहीं करेगा, तो उसके खिलाफ कार्रवाई करना जरूरी है।
किसानों से अपील: रिश्वत मांगने पर सीधे फोन करें
उप मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि उन्हें किसी भी काम के लिए किसी अधिकारी या कर्मचारी को चुपचाप पैसे देने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कोई भी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो वे सीधे उन्हें फोन कर इसकी जानकारी दें।
समारोह में दिए गए उप मुख्यमंत्री के इस बयान और सख्त तेवर का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके बाद प्रशासनिक हलकों में रिश्वतखोरी पर रोक को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

