रायगढ़ में घरेलू विवाद में पत्नी की फावड़े से हत्या, अस्पताल से छुट्टी मिलते ही आरोपी पति गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सूपा में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की फावड़े से हमला कर हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। घटना के बाद आरोपी का रक्तचाप बढ़ जाने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पुलिस उस पर लगातार निगरानी रख रही थी।
ड्यूटी से लौटे बेटे ने देखा मां का शव
पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में 11 अक्टूबर 2026 को मृतका के 25 वर्षीय पुत्र सूरज दास महंत ने पुसौर थाने में मर्ग सूचना दर्ज कराई थी। सूरज ने बताया कि 10 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे जब वह अडानी प्लांट से काम कर घर लौटा, तो उसकी 41 वर्षीय मां रूप कुंवर महंत घर की परछी में अचेत पड़ी थीं और पिता अमृत लाल महंत पास ही बैठे थे।
सूरज के मुताबिक, मां के कान से खून बह रहा था, दोनों कलाइयों पर चोट के निशान थे और घर में खून के छींटे फैले थे। पिता से पूछने पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद परिजनों और पड़ोसियों की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक रक्तस्राव की वजह से शॉक (Hemorrhagic Shock) को मौत का कारण बताया गया। इसके आधार पर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
फॉरेंसिक जांच और पूछताछ में खुला राज
पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। घर के फर्श, पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर खून के निशान मिले। मौके पर मिले फावड़े और लकड़ी के डंडे पर भी खून के धब्बे पाए गए। घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी तीसरे व्यक्ति की मौजूदगी नहीं मिलने पर पुलिस का शक पति पर गहरा गया।
इसी बीच तबीयत बिगड़ने और उच्च रक्तचाप के चलते अमृत लाल महंत को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया। स्वस्थ होने के बाद पुलिस ने जब उससे हिरासत में पूछताछ की, तो उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि घटना की रात पत्नी खाना बनाने से इनकार कर रही थी और ग्राम रैबार स्थित रिश्तेदार के घर जाने की जिद कर रही थी। विवाद बढ़ने पर उसने फावड़े से हमला कर पत्नी की जान ले ली।
हथियार और कपड़े जब्त, एसएसपी ने दी चेतावनी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल फावड़ा और घटना के वक्त पहने गए कपड़े जब्त कर लिए हैं। इसके बाद अमृत लाल महंत को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय और आरक्षक राहुल सिदार सहित पुलिस टीम शामिल रही।
मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद में हिंसा और गंभीर अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को कानून के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

