Raigarh

नवरात्रि और गरबा में महिलाओं की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस ने बनाई ‘मां दुर्गा वाहिनी’, दो विशेष टीमें करेंगी पेट्रोलिंग

रायगढ़। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान दुर्गा पंडालों एवं गरबा स्थलों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए महिलाओं की सुरक्षा के लिए रायगढ़ पुलिस ने ‘मां दुर्गा वाहिनी’ का गठन किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर महिला पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में दो विशेष पेट्रोलिंग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों और गरबा आयोजनों में लगातार गश्त कर असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी और जरूरत पड़ने पर त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराएंगी।

दोपहिया वाहनों से गश्त करेंगी महिला पुलिस टीमें

विशेष पेट्रोलिंग के लिए बनाई गई पहली टीम की कमान कोतरारोड थाना की उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर को सौंपी गई है, जबकि दूसरी टीम का प्रभार महिला थाना की सहायक उप निरीक्षक सरस्वती महापात्रे को दिया गया है। इन दोनों टीमों में महिला और पुरुष आरक्षक शामिल हैं, जो दोपहिया वाहनों से शहर के प्रमुख दुर्गा पंडालों, गरबा स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग करेंगे।

पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने दोनों टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने के बाद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ट्रैफिक) पुष्पेन्द्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, आरआर अमित सिंह और थाना प्रभारी किशोर केरकेट्टा सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

पंडालों में चस्पा होंगे हेल्पलाइन नंबर, आपात स्थिति में तुरंत मिलेगी मदद

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी दुर्गा पंडालों और गरबा स्थलों पर नियमित भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। पंडालों में पुलिस सहायता से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों वाले पोस्टर लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालु और महिलाएं आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पुलिस से संपर्क कर सकें। इसके लिए ‘हेलो सिस्टर’ हेल्पलाइन नंबर 9479270533 और रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम का नंबर 9479193299 जारी किया गया है। इन नंबरों पर सुरक्षा संबंधी समस्या, छेड़छाड़ या किसी भी आपात स्थिति की सूचना दी जा सकती है।

शशि मोहन सिंह ने कहा कि नवरात्रि और दशहरा उत्सव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने अपील की है कि किसी भी प्रकार की परेशानी, छेड़छाड़ या संदिग्ध गतिविधि दिखने पर महिलाएं और नागरिक तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Show More
Back to top button