Kharsia

खरसिया : दोस्त की बहन को बनाया हवस का शिकार, पीड़िता के गर्भवती होने पर खुला राज, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत चौकी खरसिया पुलिस ने नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 20 वर्षीय आरोपी जीवन लाल यादव के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

बहला-फुसलाकर शारीरिक शोषण करने का आरोप

पुलिस के अनुसार 16 अक्टूबर 2026 को पीड़िता की मां ने चौकी खरसिया पहुंचकर घटना की सूचना दी। चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रिया साहू को परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज करने और पीड़िता का बयान दर्ज करने के निर्देश दिए। दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपी जीवन लाल यादव पीड़िता के भाई का मित्र होने के कारण घर पर आता-जाता था।

आरोप है कि 14 जनवरी 2026 को जब किशोरी घर पर अकेली थी, तब आरोपी पहुंचा और उसे पसंद करने की बात कहकर बहला-फुसलाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी द्वारा कई बार शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया गया है। शारीरिक बदलाव और मासिक धर्म न होने पर मां को संदेह हुआ, जिसके बाद पूछताछ में पीड़िता ने पूरी बात परिजनों को बताई।

पॉक्सो और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

चौकी खरसिया (थाना खरसिया) में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 534/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 332(b) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और चिकित्सकीय परीक्षण सहित सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रिया साहू, आरक्षक धनंजय कश्यप, कीर्ति सिदार, साविल चंद्रा, सिदार सिंह और गोविन्द बनर्जी शामिल रहे। मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराधों को रायगढ़ पुलिस अत्यंत गंभीरता से लेती है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और महिला व बाल सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Show More
Back to top button