राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता: बालिका क्रिकेट में सरगुजा संभाग बना चैंपियन, बिलासपुर दूसरे स्थान पर रहा

सारंगढ़–बिलाईगढ़। सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के 17 वर्ष बालिका क्रिकेट वर्ग में सरगुजा संभाग ने विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया है। रोमांचक और कड़े मुकाबलों के बीच सरगुजा की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग दूसरे स्थान पर रहा, जबकि दुर्ग संभाग ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
चार दिवसीय इस प्रतियोगिता के दौरान प्रदेश के विभिन्न संभागों से पहुंची बालिका खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने क्रीज पर धैर्य के साथ रन जोड़े, वहीं सधी हुई गेंदबाजी और चुस्त क्षेत्ररक्षण से मुकाबलों को बेहद प्रतिस्पर्धी बनाए रखा।
फुटबॉल और सॉफ्टबॉल स्पर्धाओं के परिणाम
क्रिकेट के साथ-साथ मैदान में फुटबॉल और सॉफ्टबॉल के मुकाबले भी आयोजित किए गए। 14 वर्ष बालक फुटबॉल स्पर्धा में बस्तर संभाग ने प्रथम, रायपुर संभाग ने द्वितीय और बिलासपुर संभाग ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं 17 वर्ष बालक सॉफ्टबॉल में दुर्ग संभाग प्रथम, बस्तर संभाग द्वितीय और रायपुर संभाग तृतीय स्थान पर रहा। 17 वर्ष बालिका सॉफ्टबॉल स्पर्धा में दुर्ग संभाग ने पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि सरगुजा संभाग दूसरे और बस्तर संभाग तीसरे स्थान पर रहा।
दुर्ग संभाग बना ओवरऑल चैंपियन, समापन पर पुरस्कार वितरण
प्रतियोगिता की सभी खेल विधाओं में बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर दुर्ग संभाग को ओवरऑल चैंपियन घोषित किया गया। इसके अलावा बेस्ट मार्च पास्ट का पुरस्कार सरगुजा संभाग को और अनुशासन का पुरस्कार बिलासपुर संभाग को दिया गया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया ने विजेता खिलाड़ियों और टीमों को पुरस्कृत किया।
उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।

