Raigarh

रायगढ़ में किराये के मकान में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

रायगढ़। महिला से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के मामले में कोतरारोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संतोष चंद्रा उर्फ मंझला को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे ‘अभियान संवेदना’ के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

आरोपी संतोष चंद्रा (30 वर्ष) पिता फागूलाल चंद्रा मूल रूप से ग्राम अरसिया, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती का निवासी है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना कोतरारोड़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 78, 351(3) और 331(3) के तहत अपराध क्रमांक 396/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की है।

मकान बदलकर रहने के बाद भी पीछा कर रहा था आरोपी

पीड़िता 24 वर्षीय महिला ने 16 अक्टूबर 2026 को कोतरारोड़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता के अनुसार, करीब एक माह पहले वह किरोड़ीमलनगर में किराये के मकान में रहती थी, जहां आरोपी भी किराये पर रहता था। उसी दौरान आरोपी ने उससे छेड़छाड़ की थी। उस समय बदनामी के डर से पीड़िता ने पुलिस में शिकायत नहीं की और अपने गांव चली गई थी।

पीड़िता जब 9 अक्टूबर 2026 को वापस लौटी, तो वह अपने परिवार के साथ दूसरे स्थान पर रहने लगी। इसके बावजूद आरोपी उसका पता ढूंढते हुए 10 अक्टूबर को नए मकान तक पहुंच गया। वहां उसने मकान मालिक से पीड़िता को अपनी बहन बताकर दरवाजा खटखटाया। महिला ने दरवाजा नहीं खोला और भाई को जानकारी दी। इसके बाद जब मकान मालिक से संपर्क किया गया, तो आरोपी वहां से फरार हो गया।

घर में घुसकर छेड़छाड़ और परिजनों को जान से मारने की धमकी

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 16 अक्टूबर की सुबह आरोपी चुपचाप उसके मकान में घुस आया। महिला जब बाथरूम जा रही थी, तब आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और इस बारे में किसी को बताने पर उसके पति एवं बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़िता ने सीधे थाने पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दी।

मामला दर्ज होते ही पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए। पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और विधिवत गिरफ्तार कर जेल वारंट पर जेल दाखिल कराया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रिया साहू, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध छेड़छाड़, उत्पीड़न और धमकी जैसे अपराधों पर रायगढ़ पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। उन्होंने अपील की कि पीड़ित महिलाएं बिना किसी डर या संकोच के पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।

Show More
Back to top button