रायगढ़ में सनसनी : रात भर लापता झोलाछाप डॉक्टर की मिली रक्तरंजित लाश, झाड़ियों में फेंकी मिली बाइक, हत्या या साजिश? पढ़िए पूरी खबर

रायगढ़। रात भर लापता रहे युवक की सडक़ किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से आस पास क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक झोला झाप डॉक्टर है जो बुधवार की शाम को किसी काम से निकला था और वापस घर नहीं पहुंचा। डॉक्टर के सिर पर धारदार हथियार से वार कर चोट पहुंचाने के निशान हैं तथा शव के कुछ दूरी पर झाडिय़ों में उसकी बाईक मिली। बताया जा रहा है कि किसी ने उसकी हत्या करने के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए मोटरसायकिल को झाडिय़ों में फेंक दिया था। पुलिस अज्ञात हत्यारे के विरूद्ध जुर्म दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। उक्त घटना चक्रधरनगर थाना क्षेत्र की है।
मिली जानकारी के मुताबिक चक्रधरनगर थानांतर्गत ग्राम बेहरापाली निवासी सत्यानंद प्रधान झोला छाप डॉक्टर था और आस-पास के गांव में जाकर मरीजों का उपचार करता था। गुरूवार की शाम को तकरीबन 7 बजे वह अपनी हीरो एचएफ डीलक्स बाईक (क्रमांक सीजी 13 वाय 0828) से अपने काम से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं आने पर चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन की परंतु कहीं पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह डॉक्टर की पतासाजी की जा रही थी, इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि कुरनाला के पास सडक़ बेहरापाली रोड किनारे किसी की लाश पड़ी हुई है। किसी अनहानी की आशंका से जब परिजन कुरनाला के पास पहुंचे तो शव देखकर उनके पैरों तले जमीन सरक गई।
दरअसल मृतक और कोई नहीं बल्कि सत्यानंद प्रधान ही था। वहीं लाश मिलने की जानकारी मिलने पर चक्रधरनगर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल में सत्यानंद की बाईक कुछ ही दूरी पर झाडिय़ों में मिली। सत्यानंद के सिर के पिछे भाग में किसी धारदार हथियार से चोट पहुंचाने के निशान थे। मामला हत्या का होने पर सायबर टीम के साथ ही पुलिस डॉग की भी मदद ली गई। हालांकि सत्यानंद प्रधान की हत्या किसने की है तथा इसके पीछे कारण क्या है इस बात का खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। वहीं मृतक के भाई किरण प्रधान की रिपोर्ट पर अज्ञात हत्यारे के विरूद्ध बीएनएस की धारा 103 (1), 238 (ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

