KharsiaRaigarh

खरसिया में परसकोल गांव की अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा — 3000 रुपये के विवाद में युवक की निर्मम हत्या, आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 3 मार्च। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम परसकोल में युवक की अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मृतक की पहचान अनिल कुमार चौहान (35 वर्ष), पिता स्व. प्यारेलाल चौहान, निवासी ग्राम परसकोल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही शशि मोहन सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ के निर्देशन पर एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े, एफएसएल यूनिट, साइबर थाना स्टाफ एवं डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मृतक के शरीर पर पेट, गले एवं अन्य स्थानों पर धारदार हथियार से वार के निशान पाए गए।

मृतक की बहन खुशबू चौहान ने बताया कि रात में सड़क की ओर से हल्ला-गुल्ला की आवाज सुनाई दी थी, किंतु ध्यान नहीं दिया गया। अगले दिन सुबह खेत में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। थाना खरसिया में मर्ग क्रमांक 28/26 धारा 194 बीएनएसएस दर्ज कर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 86/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला कायम किया गया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मृतक और ग्राम बगबुडवा निवासी राहुल यादव के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।

संदेही राहुल यादव (20 वर्ष), पिता भुजबल यादव, निवासी बगबुडवा खरसिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, किंतु सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि दो माह पूर्व उसने नौकरी लगाने की बातचीत के एवज में मृतक को 3000 रुपये दिए थे। रकम वापस मांगने पर विवाद हुआ और 28 फरवरी की रात कन्या छात्रावास के पास उसने चाकू से कई वार कर हत्या कर दी तथा मोटरसाइकिल पैशन प्रो क्रमांक सीजी-13-व्ही-8933 से घर लौट गया।

पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े एवं मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल, थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश जांगड़े, थाना खरसिया, थाना साइबर, पुलिस डॉग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश—
“रायगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और हर गंभीर अपराध में आरोपियों पर सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जावेगी।”

Show More
Back to top button