Raigarh

रायगढ़ में बंगुरसिया मेन रोड किनारे साइन बोर्ड पर फंदे से लटका मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस

रायगढ़। थाना चक्रधरनगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंगुरसिया में मेन रोड किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव साइन बोर्ड पर फांसी के फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरनगर पुलिस और एफएसएल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

साइन बोर्ड पर लाल कपड़े के फंदे से लटका था शव

पुलिस के अनुसार, दोपहर के समय बंगुरसिया मुख्य मार्ग के किनारे लगे साइन बोर्ड पर एक व्यक्ति का शव लटके होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच करने पर करीब 35 वर्ष के अज्ञात पुरुष का शव लाल रंग के कपड़े से बने फंदे पर लटका हुआ मिला। पुलिस टीम ने आसपास के स्थानीय रहवासियों को बुलाकर पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।

शव मर्च्युरी में सुरक्षित, पहचान के लिए पुलिस ने जारी किए नंबर

घटनास्थल पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के उपरांत पुलिस ने शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया है। मृतक की शिनाख्त सुनिश्चित करने और उसके परिजनों की खोजबीन के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीरें विभिन्न सूचना एवं डिजिटल संपर्क समूहों में साझा की हैं।

चक्रधरनगर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति मृतक के बारे में जानकारी रखता है अथवा उसे पहचानता है, तो वह थाना प्रभारी चक्रधरनगर के मोबाइल नंबर 9479193210 या पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 9479193299 पर तत्काल सूचना दे, ताकि परिजनों का पता लगाया जा सके।

Show More
Back to top button