जंगल में घात लगाकर महिला से की छेड़छाड़, पुलिस ने मनचले को पहुंचाया सलाखों के पीछे

रायगढ़। महिला थाना पुलिस ने 25 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में मनीष राठिया (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किए जाने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी गांव की महिलाओं के साथ अशोभनीय हरकतें करता था और स्थानीय स्तर पर दी गई समझाइश के बाद भी उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ था।
झाड़ियों में छिपकर की थी खींचतान
पीड़िता की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे की है। युवती घर के पास स्थित जंगल में दिशा मैदान के लिए गई थी। उसी दौरान आरोपी झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था। आरोप है कि उसने गलत नीयत से युवती का हाथ और साड़ी पकड़कर खींचतान की व छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी पहले भी दिशा मैदान जाने वाली गांव की अन्य महिलाओं के साथ इस तरह की हरकतें कर चुका था। ग्रामीणों और बीडीसी द्वारा पूर्व में उसे समझाइश भी दी गई थी, लेकिन उसने अपनी आदतें नहीं बदलीं।
बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज, पूछताछ में कबूला जुर्म
महिला थाना में पीड़िता की शिकायत पर अपराध क्रमांक 92/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 और 77 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा युवती का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
आरोपी की तलाश के लिए महिला थाना और चक्रधरनगर थाना की संयुक्त पेट्रोलिंग टीम भेजी गई। पुलिस ने चकबंदी राठिया के पुत्र मनीष राठिया को उसके निवास से हिरासत में लेकर महिला थाना को सौंपा। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर इसकी जानकारी आरोपी की पत्नी को दी गई। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कुसुम केंवट, विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत और थाना चक्रधरनगर की पेट्रोलिंग टीम शामिल रही।

