फिर होगी बरसात : छत्तीसगढ़ के 10 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्से में अगले चार दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग ने बालोद, धमतरी और गरियाबंद समेत 10 जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं राजधानी रायपुर में तेज बारिश की संभावना नहीं है, हालांकि दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।
दक्षिण छत्तीसगढ़ में नमी से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार नमी पहुंच रही है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में हल्की बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। विभाग ने जिन 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, उनमें बालोद, धमतरी, गरियाबंद, कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर और बीजापुर शामिल हैं।
बीजापुर और जशपुर में दर्ज की गई बारिश
इससे पहले शनिवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। जशपुर जिले के पत्थलगांव और कुनकुरी में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई, जबकि बीजापुर जिले के भैरमगढ़ में 1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। तापमान की बात करें तो प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
राजधानी रायपुर में तेज बारिश के आसार नहीं हैं। शनिवार को रायपुर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री ज्यादा था। शनिवार को रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 18 अक्टूबर को रायपुर में आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा और अधिकतम तापमान 34 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

