Chhattisgarh

3 साल की पोती को बचाने आई दादी की चाकू मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मेंड्रा में 3 साल की मासूम बच्ची को जबरन ले जा रहे एक युवक का विरोध करने पर दादी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल 56 वर्षीय राजकुमारी यादव की सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बच्ची को ले जाने का विरोध करने पर किया हमला

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 17 अक्टूबर की रात करीब 8:30 बजे की है। आरोपी प्रशांत शुक्ला (26) पड़ोस के घर में खेल रही 3 साल की बच्ची को धारदार हथियार के साथ जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था। बच्ची की मां और दादी राजकुमारी यादव ने जब उसे देखा, तो उन्होंने तत्काल उसे रोकने का प्रयास किया।

विरोध करने पर आरोपी ने राजकुमारी यादव पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चाकू के वार से वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजनों और आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। घायल महिला को तुरंत सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुरानी रंजिश के चलते वारदात को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रशांत शुक्ला ने पुरानी रंजिश के कारण बच्ची को नुकसान पहुंचाने की नीयत से उसे ले जाने की कोशिश की थी। दादी के बीच-बचाव करने पर उसने उन पर जानलेवा वार कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी प्रशांत शुक्ला को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

राजकुमारी यादव – फाइल फोटो

जिले में चाकूबाजी की अन्य घटनाएं भी आईं सामने

बिलासपुर शहर के अन्य इलाकों में भी चाकूबाजी की घटनाएं दर्ज की गई हैं। तोरवा क्षेत्र में पत्नी के रिश्तेदार के साथ जाने से नाराज पति ने उस पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर घायल कर दिया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

आरोपी प्रशांत शुक्ला को गिरफ्तार

वहीं मंदिर चौक इलाके में दो पक्षों के विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर नुकीली वस्तु से हमला हुआ। इसके अलावा सिरगिट्टी में गुरुद्वारे के पास लेन-देन के विवाद में एक ग्राहक ने जलेबी काटने वाले चाकू से दुकानदार पर हमला कर दिया, जिसे घायल अवस्था में सिम्स में भर्ती कराया गया। इन दोनों मामलों में सूचना मिलने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी।

Show More
Back to top button