बड़े रेगड़ा में खूनी संघर्ष: दुर्गा पंडाल गए वृद्ध पर कटहल काटने वाले चाकू से वार, हत्या के प्रयास में नत्थूलाल गया जेल

रायगढ़। जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े रेगड़ा में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने बुजुर्ग पड़ोसी के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। चक्रधरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के इस मामले में 24 घंटे के भीतर आरोपी नत्थूलाल अगरिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 15 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। ग्राम बड़े रेगड़ा निवासी 77 वर्षीय मनधर यादव गांव के दुर्गा पंडाल में प्रसाद लेने गए थे। इसी दौरान उनके पड़ोसी नत्थूलाल अगरिया ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से उनके गले पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
डायल 112 ने घायल को पहुंचाया अस्पताल, बेटे की शिकायत पर केस दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 रायनो की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रायगढ़ में भर्ती कराया। वर्तमान में घायल मनधर यादव की स्थिति सामान्य बताई गई है।
अस्पताल से मेमो प्राप्त होने पर चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने प्रधान आरक्षक मोहम्मद दिलदार कुरैशी को मेडिकल कॉलेज भेजा। वहां घायल के 37 वर्षीय पुत्र रामकुमार यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी नत्थूलाल अगरिया के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
पूछताछ में कबूला जमीन विवाद, वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नत्थूलाल अगरिया (57 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका और मनधर यादव का घर पास-पास है और दोनों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने कटहल काटने वाले धारदार चाकू से मनधर यादव के गले पर हमला किया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू जब्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

