धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस समारोह कल, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 900 जवान,भारी वाहनों पर रोक, रुटमैप जारी

रायगढ़। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले वृहद जनजातीय गौरव दिवस समारोह के लिए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस विशाल आयोजन में हजारों लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन की सुरक्षा कमान उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह को सौंपी गई है।
समारोह की पूर्व संध्या पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राम गोपाल गर्ग और एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कार्यक्रम स्थल पर पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात सभी जवानों और अधिकारियों को विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा, आम नागरिकों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले 13 नवंबर को कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी ने प्रशासनिक अमले के साथ स्थल का मुआयना किया था।
वीआईपी आगमन को लेकर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश के मुख्यमंत्री और कई कैबिनेट मंत्रियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा का कड़ा पहरा तैयार किया गया है। पूरी व्यवस्था में 900 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं, जिनके साथ वन विभाग और स्थानीय कंपनियों के सुरक्षा गार्ड भी मुस्तैद रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में डीआईजी एवं एसएसपी शशि मोहन सिंह के सहयोग के लिए 22वीं वाहिनी कांकेर के सेनानी अभिषेक वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी को जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा 10 अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और 24 उप पुलिस अधीक्षकों (डीएसपी) को अलग-अलग सेक्टरों की कमान सौंपी गई है। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर करीब 250 जवान तैनात रहेंगे, जबकि आउटर सुरक्षा घेरे में तैनात पुलिस बल आसपास की गतिविधियों पर नजर रखेगा। आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है, साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गिरफ्तारी पार्टी भी गठित की गई है।
चार कट-ऑफ पॉइंट तय, भारी वाहनों का प्रवेश रहेगा बंद
कार्यक्रम के दौरान आवागमन सुगम बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। इसके लिए एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, तीन डीएसपी और 100 जवानों की अलग टीम तैनात की गई है। विशिष्ट अतिथियों, मीडिया, शासकीय कर्मियों और आम नागरिकों के लिए कुल 10 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं और उनके लिए रूट मैप भी जारी किया गया है।
भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए धरमजयगढ़ में चारों दिशाओं से आने वाले प्रमुख मार्गों पर चार कट-ऑफ पॉइंट बनाए गए हैं। 15 नवंबर को सुबह 4 बजे से ही इन स्थानों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। रायगढ़ की ओर से आने वाले भारी वाहनों को सरिया नाला मंदिर के पास, छाल की ओर से आने वाले वाहनों को प्रेमनगर स्थित भारतमाला ब्रिज के पास, कापू की ओर से आने वाले वाहनों को माण्ड नदी पुल के पास और पत्थलगांव की ओर से आने वाले वाहनों को नटवर पेट्रोल पंप के पास रोका जाएगा। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से तय मार्गों और पार्किंग नियमों का पालन करने की अपील की है।

