Raigarh

रायगढ़ में महिलाओं ने नशे के खिलाफ खोला मोर्चा : डूमरपाली गांव में अवैध शराब और गांजा बिक्री पर कार्रवाई की मांग, महिलाओं ने एसपी दफ्तर पहुंचकर लिखित शिकायत की, धमकियों का भी लगाया आरोप—पढ़िए पूरी खबर

रायगढ़, 16 फरवरी। रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के डूमरपाली गांव में अवैध शराब और गांजा बिक्री के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और एसएसपी के नाम ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने बताया कि, गुरुवार को गांव में बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से डूमरपाली को नशामुक्त ग्राम बनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत गांव में अवैध शराब बेचने वाले लोगों को पहले ही समझाइश दी गई थी।

ग्रामीणों के अनुसार पदमावती साहू, गोपाल साहू, माला बाई साहू, भुवनेश्वर बैरागी और श्याम बाई बैरागी को अवैध शराब बिक्री बंद करने को कहा गया, लेकिन उन्होंने पंचायत और महिला समूह के निर्णय को मानने से इनकार कर दिया। साथ ही लीला कुमार साहू पर बस्ती के बीच जुआ खिलाने का आरोप भी लगाया गया। इन गतिविधियों से परेशान होकर महिलाओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

गांव की गंगा महंत ने बताया कि पहले भी भूपदेवपुर थाने में शिकायत की गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब शिकायत करने पर बीडीसी शिवकुमारी साहू के पति द्वारा मारपीट की धमकी दी जा रही है। मामले की जानकारी एएसपी को भी दे दी गई है।

Show More
Back to top button