Chhattisgarh

सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही पर मुख्यमंत्री साय का कड़ा रुख, तहसीलदार तत्काल सस्पेंड

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दर्ज जनशिकायतों के निराकरण में गंभीर लापरवाही बरतने पर कबीरधाम जिले के पिपरिया तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान राजस्व विभाग के प्रकरणों की समीक्षा के बाद की गई।

सिविल सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन पर निलंबन आदेश जारी

समीक्षा के दौरान पाया गया कि तहसीलदार प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी ने सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी शिकायतों के निपटारे में गंभीर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता बरती। शासन ने उनके इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 का स्पष्ट उल्लंघन माना। इसके बाद राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल

सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 (1) (क) के तहत तहसीलदार के निलंबन का औपचारिक आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में प्रमोद कुमार चन्द्रवंशी का मुख्यालय जिला कबीरधाम निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।

विभागवार हो रही समीक्षा, उच्चाधिकारी रहे मौजूद

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सीएम हेल्पलाइन 1076 के तहत प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर रहे हैं। बैठक में जनशिकायतों के विश्लेषण, उनके निराकरण की वास्तविक स्थिति और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन किया जा रहा है। इस उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह और मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के सचिव और सभी जिलों के कलेक्टर वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Show More
Back to top button