रायगढ़ में दुर्गा पूजा पंडालों के लिए गाइडलाइन जारी, रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर रोक.. जानिए पूरी एडवायजरी

रायगढ़। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में पूजा समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने पंडालों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और आयोजन के दौरान सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने प्रत्येक पूजा पंडाल में आयोजन के दौरान किसी जिम्मेदार व्यक्ति की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेषकर रात के समय भी पंडाल में जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद रहे और व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत जरूरी कदम उठाए जा सकें।
रात 10 बजे के बाद डीजे पर रोक और विसर्जन के निर्देश
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी ने आयोजकों को रात 10 बजे के बाद डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंडालों में नशापान से दूर रहने और अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। आयोजन समितियों से प्रशासन और पुलिस के साथ तालमेल बनाकर विसर्जन की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था की स्थिति न बने।
समस्या होने पर कंट्रोल रूम नंबर पर दें सूचना
बैठक में निर्देश दिए गए कि किसी भी अप्रिय स्थिति या शांति व्यवस्था से जुड़ी समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9479193299 पर सूचना दी जाए, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें। प्रशासन और पुलिस ने समितियों से दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दुर्गा पूजा और विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की अपील की।

