रायगढ़: विशेष मतदाता पंजीयन अभियान के तहत कॉलेज के युवाओं को दी गई ईसीआईनेट ऐप और फॉर्म भरने की जानकारी

रायगढ़। विशेष मतदाता पंजीयन अभियान के तहत जिले में नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया से अवगत कराया जा रहा है। इसी क्रम में धरमजयगढ़ स्थित शासकीय कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय में 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं तथा 18 वर्ष के नए मतदाताओं के लिए विशेष जागरूकता एवं पंजीयन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ईसीआईनेट ऐप और विभिन्न प्रपत्रों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान बूथ लेवल अधिकारी सुभरन राठिया, नोडल अधिकारी डॉ. मार्गरेट कुजूर और निर्वाचन साक्षरता क्लब के सदस्यों ने छात्र-छात्राओं को ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से मतदाता पंजीयन से जुड़ी पूरी कार्यप्रणाली समझाई। युवाओं को बताया गया कि वे डिजिटल माध्यम से किस तरह अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।
इस सत्र में फॉर्म-6 के जरिए मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने की प्रक्रिया बताई गई। इसके साथ ही फॉर्म-7 के उपयोग एवं आवश्यकता पड़ने पर नाम या पते आदि में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरने की विधि से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
युवाओं से कराया गया पंजीयन का व्यावहारिक अभ्यास
जागरूकता सत्र के दौरान युवाओं को केवल प्रक्रिया की जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि उनसे संबंधित प्रपत्र भी भरवाए गए। अधिकारियों की मौजूदगी में छात्रों से फॉर्म भरवाकर मतदाता पंजीयन प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया, जिससे नए मतदाता बिना किसी त्रुटि के स्वयं अपना पंजीयन पूरा कर सकें।

