मतदाता सूची अद्यतन करने के लिए बीएलओ को दिया गया प्रशिक्षण, नए मतदाताओं के पंजीयन पर जोर

रायगढ़। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को अद्यतन करने और छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मतदाता पंजीयन और सूची के सत्यापन का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में दो पालियों में तथा तमनार तहसील में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
प्रशिक्षण में बीएलओ को मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, पात्र नागरिकों की पहचान करने और सूची का सत्यापन करने की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। अधिकारियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत अधिक से अधिक पात्र नागरिकों और युवाओं के आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं का अग्रिम पंजीयन
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिक फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही 17 वर्ष से अधिक आयु के उन युवाओं से भी अग्रिम आवेदन लिए जा रहे हैं, जो वर्ष 2027 में 18 वर्ष की आयु पूरी करेंगे।
भारत निर्वाचन आयोग ने युवाओं के पंजीयन के लिए 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर को अर्हता तिथियां निर्धारित की हैं। नागरिक अपने आवेदन ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से जमा कर सकते हैं।
स्कूल-कॉलेजों और घर-घर जाकर किया जा रहा सत्यापन
शासकीय एवं निजी स्कूलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में संचालित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के जरिए विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके अलावा बीएलओ घर-घर जाकर भी सत्यापन कार्य कर रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक सूची से वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा इस पूरे कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि वे तय प्रक्रिया के अनुसार अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं।

