Raigarh

ऑपरेशन आघात: रायगढ़ के ग्राम चारमार में ग्रामीणों ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

रायगढ़। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में घरघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चारमार में ग्रामीणों ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर गांव को नशे से दूर रखने का सामूहिक संकल्प लिया। ग्रामीणों ने इस दौरान नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और पारिवारिक नुकसान पर चिंता जताई और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस द्वारा अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही ग्रामीण इलाकों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करने का अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसमें अब ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

नशे से अपराध और पारिवारिक विवाद बढ़ने की चेतावनी

कार्यक्रम के दौरान घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू ने ग्रामीणों को नशे के गंभीर दुष्परिणामों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिति को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार में तनाव, घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाओं और कई प्रकार के अपराधों की मुख्य वजह भी बनती है।

थाना प्रभारी ने बताया कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज इससे प्रभावित होता है। उन्होंने बच्चों और युवाओं को नशे की गिरफ्त से दूर रखने और गांव में सकारात्मक माहौल तैयार करने के लिए सभी से सामूहिक सहयोग की अपील की। ग्रामीणों ने भी समाज को नशामुक्त बनाने के लिए अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का भरोसा दिलाया।

जनभागीदारी से ही संभव है नशामुक्त समाज: एसएसपी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने ग्रामीणों की इस पहल को सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिसिया कार्रवाई तक सीमित रहकर सफल नहीं हो सकती, बल्कि इसके लिए समाज की जागरूकता और जनसहयोग बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता नशे के अवैध कारोबार पर सख्त अंकुश लगाने के साथ-साथ आम नागरिकों को जागरूक कर एक सुरक्षित, स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।

Show More
Back to top button