रायगढ़ में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत 10 चक्का ट्रक से 23.880 टन अवैध स्क्रैप जब्त, चालक पर केस दर्ज

रायगढ़। जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक 10 चक्का ट्रक से करीब 23.880 टन अवैध स्क्रैप जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 9.57 लाख रुपये आंकी गई है। वाहन सहित जब्त की गई कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 18 लाख रुपये है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के सुपरविजन में थाना प्रभारी पूंजीपथरा रामकिंकर यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम अवैध कबाड़ परिवहन करने वालों पर नजर रखने के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार निगरानी रख रही थी।
ओडिशा के संबलपुर से रायगढ़ लाया जा रहा था अवैध कबाड़
पुलिस को 6 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक 10 चक्का ट्रक में अवैध स्क्रैप लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में खाली करने के लिए लाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस टीम ने रायगढ़ इस्पात मेन रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक क्रमांक OR 15 R 2257 को रोक लिया। तलाशी के दौरान ट्रक में भारी मात्रा में स्क्रैप लोड मिला।
पुलिस पूछताछ में वाहन चालक ने अपना नाम स्युवीर सिंह (उम्र 51 वर्ष), निवासी ऐंठापाली, थाना बुडाराजा, जिला संबलपुर (ओडिशा) बताया। चालक ने जानकारी दी कि वह ग्राम रैमण्ड, संबलपुर से कबाड़ लोड कर रायगढ़ इस्पात प्लांट में अनलोड करने जा रहा था। जब पुलिस ने उससे परिवहन और कबाड़ से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
कांटा कराने पर निकला 23.880 टन स्क्रैप, बीएनएस और बीएनएसएस में कार्रवाई
दस्तावेज उपलब्ध न होने पर वाहन में लोड स्क्रैप का वजन कराया गया, जिसमें कुल 23 टन 880 किलोग्राम (23.880 टन) स्क्रैप पाया गया। इसके बाद पुलिस ने अवैध स्क्रैप और परिवहन में प्रयुक्त 10 चक्का ट्रक को जब्त कर लिया। मामले में आरोपी चालक स्युवीर सिंह के खिलाफ इस्तगासा क्रमांक 53/2026, धारा 35(क)(5) BNSS और 303(2) BNS के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक बिनित तिर्की, आरक्षक हेमसागर पटेल और आरक्षक आदिकंद प्रधान शामिल रहे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार पर रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसी अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

