Raigarh

करतला महाविद्यालय में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

  • विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के बताए गए उपाय

रामपुर। शासकीय महाविद्यालय करतला में शुक्रवार को साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत थाना करतला के तत्वावधान में साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालयीन छात्र-छात्राओं को तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति सजग करना तथा सुरक्षित इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के उपयोग के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी देना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय यादव ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में थाना करतला के थानेदार गणेश यादव उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों की प्रकृति और उनसे बचने के व्यावहारिक उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

सोशल मीडिया फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने की अपील
थानेदार गणेश यादव ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, UPI फ्रॉड, अश्लील मैसेज एवं फोटो के माध्यम से ब्लैकमेलिंग तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ उनकी निजी जानकारी का भी दुरुपयोग कर सकते हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने विद्यार्थियों को विशेष रूप से समझाइश देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर बिना जांच-पड़ताल के क्लिक नहीं करना चाहिए। बैंक खाते, एटीएम, UPI, पासवर्ड, OTP अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निजी जानकारी, फोटो, मोबाइल नंबर एवं अन्य संवेदनशील विवरण सार्वजनिक करने से भी बचना चाहिए।

उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी हो जाती है, तो बिना देरी किए 1930 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करना चाहिए तथा www.cybercrime.gov.in पर साइबर अपराध की शिकायत दर्ज करानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

विद्यार्थियों ने गंभीरता से सुनी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने साइबर अपराध से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां एवं सावधानियां गंभीरता से सुनीं। वक्ताओं द्वारा विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रो. प्रभा शंकर यादव, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा थाना करतला से उप निरीक्षक दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उमा शंकर द्वारा किया गया। साइबर जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया।

Show More
Back to top button