रायगढ़ में आबकारी विभाग की छापेमारी, 204 लीटर महुआ शराब और 440 किलो लाहन जब्त

रायगढ़। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने तमनार और चक्रधर नगर क्षेत्र में छापेमारी कर कुल 204 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के निर्देश और प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी के मार्गदर्शन में की गई।
तमनार में महिला के पास से महुआ शराब बरामद
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को आबकारी उप निरीक्षक प्रदीप वर्मा के नेतृत्व में टीम ने तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम तमनार में दबिश दी। तलाशी के दौरान बनमती बाई उरांव के कब्जे से 9 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। टीम ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और वैधानिक कार्रवाई पूरी की।
रेगड़ा के जंगल से 61 हजार रुपये का माल जब्त
इससे पहले 31 अक्टूबर को आबकारी उप निरीक्षक अंकित अग्रवाल के नेतृत्व में टीम ने ग्राम रेगड़ा के जंगल में छापामार कार्रवाई की थी। इस दौरान जंगल में लावारिस हालत में 195 लीटर महुआ शराब और 440 किलोग्राम महुआ लाहन मिला। जब्त की गई सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 61 हजार रुपये आंकी गई है। मामले में लावारिस प्रकरण दर्ज कर संलिप्त आरोपियों की तलाश की जा रही है।
होटल-ढाबों की जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश
जिले में अवैध मदिरा के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा होटल, ढाबों और मदिरा दुकानों का लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है। प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने सभी वृत्त प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और जांच बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

