
रायगढ़-खरसिया, 15 अगस्त। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम दर्रामुड़ा स्थित मिडिल स्कूल प्रांगण में राष्ट्रीय पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने हाथों में तिरंगा झंडा लेकर पूरे गांव की गलियों में उत्साह के साथ प्रभातफेरी निकाली। इसके बाद भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना और माल्यार्पण किया गया। जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति में मुख्य ध्वजारोहण संपन्न हुआ और सभी ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा सबका मन
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ध्वजारोहण के पश्चात् रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। मंच पर आसीन क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सरपंच, उपसरपंच और गणमान्य नागरिकों का बच्चों ने स्वागत-अभिनंदन किया। इसके बाद छात्राओं ने स्वागत गीत के साथ कार्यक्रमों का आगाज किया। मंच पर छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत, प्रभावशाली भाषण और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए। बच्चों की इन सुंदर प्रस्तुतियों को देखकर पूरा प्रांगण तालियों से गूंज उठा।
ग्रामीणों ने की पुरस्कारों की बौछार
सांस्कृतिक मंच पर बच्चों के शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनका जमकर उत्साहवर्धन किया। दर्शकों ने बच्चों को प्रोत्साहन स्वरूप नकद राशि पुरस्कार के रूप में प्रदान की। पूरा आयोजन गांव के लोगों के लिए आकर्षण और गर्व का केंद्र बना रहा। बच्चों के चेहरे पर पुरस्कार पाकर खुशी साफ झलक रही थी।
गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
स्वतंत्रता दिवस के इस भव्य आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंच, उपसरपंच, पंचायत सचिव, ग्रामीण, मिडिल व प्राइमरी स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। इसके साथ ही सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के सिक्योरिटी हेड अनिल मिश्रा और आशीष शर्मा सहित अन्य लोग भी कार्यक्रम में विशेष रूप से पहुंचे। कार्यक्रम का समापन होने के बाद उपस्थित सभी लोगों और बच्चों के बीच मिठाई का वितरण किया गया।

