Raigarh

बिलासपुर में हरदिहा मरार पटेल समाज का भव्य युवा सम्मेलन एवं होली मिलन : 22 मार्च 2026 को युवा शक्ति को मिलेगी नई दिशा, एकता और प्रगति का होगा महासंगम

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर, तोरवा में हरदिहा पटेल समाज के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। समाज के उत्साही सदस्यों द्वारा 22 मार्च 2026 को भव्य युवा सम्मेलन एवं होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम न केवल युवाओं को एक मंच प्रदान करने का माध्यम बनेगा बल्कि समाज में आपसी एकता को मजबूत करने तथा नई सकारात्मक सोच विकसित करने का सुनहरा अवसर साबित होगा।

यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं है बल्कि पूरे समाज का सामूहिक प्रयास है जिसमें हर सदस्य आयोजक की भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में कई आकर्षक विशेषताएं शामिल हैं जैसे सिग्नेचर जोन, सेल्फी जोन, सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा, बजट के अनुसार मोमेंटो दिए जाएंगे, यूट्यूब पर पूरा कार्यक्रम डिजिटल लाइव प्रसारण होगा तथा पेशेवर फोटोग्राफी की व्यवस्था रहेगी।

समारोह सुबह 9:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम का मुख्य क्रम इस प्रकार रहेगा कि पहले स्वागत एवं पंजीयन होगा उसके बाद माँ शाकंभरी की आरती एवं पूजा से शुरुआत होगी फिर कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला जाएगा। इसके बाद सुबह 11:00 से दोपहर 1:30 तक युवाओं द्वारा अपने विचारों की प्रस्तुति होगी। दोपहर 1:30 से 2:30 तक लंच का समय रखा गया है। फिर दोपहर 2:30 से 3:30 तक फिर से युवाओं की प्रस्तुतियां होंगी उसके बाद 3:30 से 4:30 तक अतिथियों के विचार व्यक्त किए जाएंगे और अंत में 4:30 से 5:00 तक होली मिलन का हिस्सा होगा जिसमें सिर्फ तिलक लगाकर फोटोग्राफी की जाएगी।

प्रतिभागियों के लिए कुछ महत्वपूर्ण निर्देश भी जारी किए गए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पूर्व पंजीयन अनिवार्य है ताकि बैठक की व्यवस्था और भोजन की उचित तैयारी हो सके। पुरुष प्रतिभागियों के लिए ड्रेस कोड में व्हाइट शर्ट अनिवार्य है जबकि पैंट किसी भी रंग की हो सकती है। चूंकि पूरा कार्यक्रम यूट्यूब पर लाइव प्रसारित होगा इसलिए सभी को प्रोफेशनल और अनुशासित तरीके से उपस्थित होने की अपील की गई है। समाज के सदस्यों से निवेदन है कि वे इसे अपना व्यक्तिगत कार्यक्रम समझकर समय पर पहुंचें और युवाओं का उत्साह बढ़ाएं ताकि युवा शक्ति को नई दिशा मिल सके।

युवा सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी युवा साथियों से विशेष अनुरोध है कि वे मंच पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से रखने के लिए 1 से 2 मिनट के संक्षिप्त विचार पहले से तैयार करके आएं। ये विचार मुख्य रूप से चार विषयों पर आधारित हो सकते हैं। पहला विषय समाज की वर्तमान स्थिति है जिसमें हरदिहा पटेल समाज की आज की स्थिति, इसकी विशेषताएं और अच्छी बातें जो प्रेरित करती हैं उन पर चर्चा की जा सकती है। दूसरा विषय चुनौतियां और सुधार की आवश्यकता है जिसमें समाज में मौजूद समस्याओं, कमियों जैसे शिक्षा, युवाओं की भागीदारी, आपसी सहयोग और सामाजिक एकता आदि पर ध्यान देने की जरूरत बताई जा सकती है। तीसरा विषय भविष्य की दिशा है जिसमें आने वाले 10-15 वर्षों में समाज को मजबूत और प्रगतिशील बनाने के लिए नई सोच और पहलों की कल्पना व्यक्त की जा सकती है। चौथा विषय व्यक्तिगत योगदान है जिसमें युवा के रूप में समाज के विकास में अपना क्या योगदान दे सकते हैं और क्या जिम्मेदारी निभानी चाहिए इस पर विचार रखे जा सकते हैं।

आयोजनकर्ताओं का मानना है कि यदि समाज को वास्तव में आगे बढ़ाना है तो स्वार्थ से ऊपर उठकर एकजुट होकर कार्य करना होगा। जब हर व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देगा तभी समाज मजबूत और प्रगतिशील बन पाएगा। युवाओं से अपील की गई है कि वे अपने महत्वपूर्ण बिंदु लिखकर लाएं ताकि मंच पर स्पष्ट, सारगर्भित और प्रेरणादायक तरीके से विचार प्रस्तुत कर सकें क्योंकि यही विचार समाज के उज्ज्वल भविष्य की दिशा तय करेंगे। यह आयोजन हरदिहा पटेल समाज की एकता और युवा ऊर्जा को नई गति देने वाला साबित होगा।

Show More
Back to top button