बरगढ़ के सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़, सावन के दूसरे सोमवार पर गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे

खरसिया, 10 अगस्त 2026। सावन माह के दूसरे सोमवार के पावन अवसर पर बरगढ़ स्थित प्रसिद्ध श्री सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सावन सोमवार का विशेष धार्मिक महत्व होने के कारण रविवार रात और तड़के सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।
मंदिर परिसर पूरे दिन “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के भक्तिमय जयघोषों से गुंजायमान रहा। दूर-दराज के क्षेत्रों और आसपास के गांवों से पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ को जल, दूध, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर विधि-विधान से जलाभिषेक किया।
पूजा-अर्चना के दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ भगवान शिव का दर्शन-पूजन कर अपने परिवार की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं का कहना है कि सावन मास में महादेव की पूजा और जलाभिषेक करने से विशेष कृपा प्राप्त होती है।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर समिति द्वारा दर्शन और पूजा-अर्चना की सुचारु व्यवस्था की गई थी, जिससे भक्तों को सहूलियत मिली। देर शाम तक मंदिर में श्रद्धालुओं के आने का क्रम लगातार जारी रहा और पूरा माहौल शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

