खरसिया में शहीद दिनेश पटेल की जयंती पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने किया वृक्षारोपण

खरसिया, 10 अगस्त। खरसिया विधानसभा क्षेत्र के इतिहास पुरुष शहीद नंदकुमार पटेल के बड़े पुत्र और खरसिया विधायक उमेश पटेल के बड़े भाई शहीद दिनेश पटेल की जयंती के अवसर पर खरसिया में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर, युवा कांग्रेस और NSUI खरसिया के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण (वृक्षारोपण) कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पूर्व वर्षों की परंपरा को निभाते हुए इस वर्ष भी शहीद दिनेश पटेल की स्मृति में वार्ड क्रमांक 06 स्थित नवीन प्राथमिक शाला, खरसिया परिसर में पौधरोपण किया गया। उपस्थित जनसमुदाय और कांग्रेस पदाधिकारियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और शहीद दिनेश पटेल के योगदान को याद किया।
आयोजकों ने बताया कि शहीद दिनेश पटेल की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखने के उद्देश्य से यह वृक्षारोपण किया गया है। जिस प्रकार एक वृक्ष निरंतर समाज को जीवन, हरियाली और शुद्ध वायु प्रदान करता है, ठीक उसी तरह दिनेश पटेल जी के विचार और उनकी यादें हमेशा क्षेत्रवासियों के दिलों में अमर रहेंगी। यह प्रयास आने वाली पीढ़ियों को भी उनकी स्मृति से जोड़े रखेगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने शहीद दिनेश पटेल को शत-शत नमन करते हुए उनके प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं और स्नेह व्यक्त किया। इस अवसर पर समस्त ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर, युवा कांग्रेस एवं NSUI खरसिया के प्रमुख पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

