KharsiaRaigarh

रायगढ़ के कोसमनारा स्थित सत्यनारायण बाबाधाम में 29 जुलाई को धूमधाम से मनाया जाएगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव, बाबाजी रात 8 बजे ध्यान से उठकर भक्तों को देंगे दिव्य आशीर्वाद

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के कोसमनारा स्थित प्रसिद्ध श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबाधाम में इस वर्ष भी ‘गुरु पूर्णिमा’ का पावन महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाने की भव्य तैयारियां की जा रही हैं। “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः, गुरुः साक्षात् परं ब्रह्म तस्मै श्रीगुरवे नमः” के श्लोक तथा “जय भोले” और “ॐ नमः शिवाय” के पावन जयकारों के बीच आयोजित होने वाले इस अलौकिक उत्सव के लिए आगामी 29 जुलाई 2026, दिन बुधवार की तिथि निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम के अनुसार, इस विशेष अवसर पर 29 जुलाई की रात्रि 8 बजे बाबाजी ध्यान से बाहर आएंगे और उसके बाद अपने कर-कमलों से सभी उपस्थित श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर अपना दिव्य आशीर्वाद प्रदान करेंगे। श्री सत्यनारायण बाबाधाम ट्रस्ट एवं समस्त कोसमनारा बाबाधाम भक्त परिवार ने इस मंगलमय उत्सव में शामिल होने के लिए सभी धर्मप्रेमी बंधुओं को सपरिवार सादर आमंत्रित किया है। साथ ही आयोजकों द्वारा विशेष निवेदन किया गया है कि सभी भक्तजन समय पर पधारकर कतारबद्ध होकर शांतिपूर्वक दर्शन लाभ लें और बाबा जी की असीम अनुकंपा के भागीदार बनें।

Show More
Back to top button