खरसिया के पद्मावती अस्पताल के ओटी टेक्नीशियन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, जेसीबी ने मोटरसाइकिल को मारी जोरदार टक्कर

रायगढ़, 15 अप्रैल 2026। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डूमरभांठा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार जेसीबी ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है जिसे उपचार के लिए रायगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस ने जेसीबी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरी घटना खरसिया थाना क्षेत्र की है, जहां पद्मावती अस्पताल में ओटी टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत धनीराम यादव अपने साथी प्रकाश केंवट के साथ 14 अप्रैल की शाम करीब साढ़े पांच बजे मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 BT 9054 से हालाहुली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डूमरभांठा मोड़ के पास सामने से आ रही जेसीबी क्रमांक CG 13 AY 2211 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि धनीराम यादव के पेट में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई, वहीं पीछे बैठे प्रकाश केंवट के चेहरे और जबड़े पर गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल के साथी और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल प्रकाश को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ अस्पताल भेजा गया है। प्रार्थी संपत बरेठ की रिपोर्ट पर खरसिया पुलिस ने जेसीबी चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281, 125(ए) और 106(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाकारी जेसीबी राधेश्याम अग्रवाल के अधीन संचालित थी। पुलिस फिलहाल फरार चालक की तलाश और मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

