KharsiaRaigarh

कलमी में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ : मजदूरों के हक के लिए गरजे उमेश पटेल, जिला स्तरीय जन चौपाल में कांग्रेस ने फूंका आंदोलन का बिगुल

रायगढ़। भाजपा सरकार की मजदूर-विरोधी नीतियों, मनरेगा के मूल स्वरूप में परिवर्तन, काम बंद होने और मजदूरों के हक और अधिकार छीने जाने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा संचालित ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत शनिवार को रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक के ग्राम पंचायत कलमी स्थित बाबा गुप्तेश्वर मंदिर प्रांगण में जिला स्तरीय विशाल जन चौपाल कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जन चौपाल में ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में मजदूर, किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की सचिव एवं छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी माननीया जरिता लैतफलांग ने कहा कि मनरेगा देश के गरीबों का संवैधानिक अधिकार है, जिसे भाजपा सरकार योजनाबद्ध तरीके से कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मजदूरों के हक के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी।

छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री, खरसिया विधायक एवं मनरेगा बचाओ संग्राम के प्रदेश समन्वयक माननीय श्री उमेश नंदकुमार पटेल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा ने सत्ता में आते ही मजदूरों का रोजगार छीना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मजदूरों को रोजगार की गारंटी नहीं दी गई, मनरेगा में किए गए बदलावों को वापस नहीं लिया गया और महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना को यथावत नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। वहीं भाजपा सरकार की धान खरीदी को लेकर भी उन्होंने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों का शत-प्रतिशत धान नहीं खरीद पाई है, साथ ही विष्णुदेव साय सरकार के संरक्षण में धान खरीदी में भारी गड़बड़ी हुई है; इसीलिए करोड़ों का धान ‘चूहे खा जाने’ की बात सरकार के अधिकारी कर रहे हैं।

जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (ग्रामीण) के अध्यक्ष श्री नगेंद्र नेगी ने कहा कि रायगढ़ जिले में मनरेगा की स्थिति चिंताजनक है। रायगढ़ जिला आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र है, यहाँ सभी पंचायतों में मनरेगा के तहत लोगों को काम मिलता था, लेकिन अब मजदूर काम के लिए भटक रहे हैं। कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ (शहर) के अध्यक्ष शाखा यादव ने कहा कि यह जन चौपाल भाजपा सरकार के लिए चेतावनी है कि यदि गरीब और मजदूर की अनदेखी बंद नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में जिला स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम में रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक एवं लैलूंगा विधायक श्रीमती विद्यावती सिदार ने भी जन चौपाल को संबोधित करते हुए मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से लड़ने का संकल्प दोहराया।

जन चौपाल में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, इंटक, मजदूर कांग्रेस सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल-सेक्टर-बूथ कार्यकर्ता, वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने स्पष्ट संदेश दिया कि मनरेगा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Show More
Back to top button