
खरसिया, 20 फरवरी। खरसिया स्थित श्री धामा माई धाम मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम का आज विधि-विधान से प्राण प्रतिष्ठा के साथ भव्य समापन हुआ। सुबह पूजा-अर्चना, हवन एवं मंत्रोच्चार के बीच प्रतिमाओं में प्राण प्रतिष्ठा संपन्न कराई गई। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और माँ के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह मंदिर पहुंचे और माँ धामा माई के समक्ष पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उनके साथ पुलिस विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए सुबह नाश्ते से लेकर दोपहर एवं रात्रि भोजन तक की उत्तम व्यवस्था की गई थी। भंडारे में मिठाई सहित विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए।
कार्यक्रम में नगर के बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग एवं युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पेयजल, बैठने की व्यवस्था एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ। मंदिर समिति ने सफल आयोजन के लिए सभी श्रद्धालुओं, प्रशासन एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

