KharsiaRaigarh

खरसिया में बेकाबू कार का कहर : जनगणना ट्रेनिंग से लौट रहे शिक्षक की दर्दनाक मौत, साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल, कार चालक के खिलाफ FIR दर्ज

रायगढ़, 21 अप्रैल। रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मदनपुर में एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने कोहराम मचा दिया, जिससे एक शिक्षक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कटाईपाली (सी) निवासी करम सिंह कमलवंशी ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका छोटा भाई हेमसागर कमलवंशी, जो कन्या आश्रम तेन्दुमुड़ी में शिक्षक के पद पर पदस्थ था, दिनांक 20 अप्रैल, सोमवार को जनगणना प्रशिक्षण के लिए अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 13 एएस 4778 से मदनपुर हायर सेकेंडरी स्कूल गया था। शाम को ट्रेनिंग खत्म होने के बाद जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी मदनपुर मुख्य मार्ग पर शर्मा बस वाले घर के पास बांसमुड़ा की ओर से आ रही ब्रेजा कार क्रमांक सीजी 11 एएक्स 1187 के चालक ने वाहन को अत्यंत तेज और लापरवाही पूर्वक चलाते हुए शिक्षक की स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में शिक्षक हेमसागर की मौके पर ही मौत हो गई और उनकी स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसा यहीं नहीं रुका, बेकाबू कार चालक ने आगे जाकर ग्राम ठुसेकेला निवासी साइकिल सवार द्वारिका प्रसाद राठौर को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी साइकिल भी टूट गई। घायल द्वारिका प्रसाद को तत्काल इलाज के लिए खरसिया के पद्मावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं मृतक शिक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल खरसिया भेजा गया।

खरसिया चौकी में तैनात आरक्षक रामभजन राठिया द्वारा पेश किए गए प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ धारा 281, 125(ए) और 106(1) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस दुखद घटना के बाद से मृतक के गांव और शिक्षक जगत में शोक की लहर व्याप्त है।

Show More
Back to top button