Chhattisgarh

पीएम सूर्य घर योजना: राजनांदगांव का खैरा बना देश का पहला शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा युक्त गांव

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले का खैरा गांव ‘पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना’ के तहत शत-प्रतिशत रूफटॉप सोलर लक्ष्य हासिल करने वाला देश का पहला गांव बन गया है। 889 की आबादी वाले इस गांव के सभी 141 घरों की छतों पर सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं, जिसके बाद पूरा गांव अपनी बिजली खुद बनाने लगा है। गांव के प्रत्येक घर में 2 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाया गया है, जिससे गांव की कुल सौर ऊर्जा क्षमता लगभग 282 किलोवाट हो गई है। इस परियोजना के लिए ग्रामीणों को अपनी जेब से कोई भुगतान नहीं करना पड़ा है। केंद्र और राज्य सरकार से मिलने वाली सब्सिडी के बाद बची हुई लागत राशि को कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद के सहयोग से पूरा किया गया है।

कमजोर आय वर्ग और पीएम आवास के परिवारों को मिला सीधा लाभ

खैरा गांव में कुल 141 सौर-ऊर्जा युक्त घरों में से 93 घर प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के हितग्राहियों के हैं। गांव की कुल आबादी में अनुसूचित जनजाति के 21 परिवार (88 सदस्य) और अनुसूचित जाति के 4 परिवार (18 सदस्य) शामिल हैं। सीमित आय, पेंशन और मजदूरी पर आश्रित परिवारों के लिए बिजली बिल एक बड़ा वित्तीय बोझ हुआ करता था, जिससे अब उन्हें राहत मिली है। नेट मीटरिंग व्यवस्था के तहत ग्रामीण परिवार अपनी जरूरत की बिजली सौर पैनलों से तैयार कर रहे हैं और उपयोग के बाद बची अतिरिक्त बिजली ग्रिड को भेजी जा रही है। प्रधानमंत्री आवास की हितग्राही और पेंशन पर निर्भर शोहगिल गोंड ने बताया कि अकेले रहने और केवल पेंशन पर निर्भर होने के कारण अब उन्हें बिजली बिल की चिंता नहीं करनी पड़ेगी। वहीं दैनिक मजदूरी करने वाले कार्तिक यादव और बुजुर्ग सहदेव साहू ने भी कहा कि सोलर पैनल लगने से नियमित बिजली बिल भरने की परेशानी समाप्त हो गई है।

सूर्य सखियों और स्व-सहायता समूहों की जमीनी भूमिका

ग्रामीण स्तर पर लोगों को योजना से जोड़ने और उनके मन से आशंकाएं दूर करने का जिम्मा ‘पीएम सूर्य सखियों’ और महिला स्व-सहायता समूहों ने संभाला। सूर्य सखी संगीता साहू और पद्मश्री से सम्मानित फुलबासन बाई यादव के महिला नेटवर्क ने घर-घर जाकर ग्रामीणों से व्यक्तिगत संपर्क साधा। फुलबासन बाई यादव के अनुसार, ग्रामीणों को यह समझाया गया कि यह योजना उनकी अपनी है और इससे होने वाली बचत सीधे उनके घर में रहेगी। खैरा ग्राम पंचायत के सरपंच भूपेंद्र यादव ने भी ग्रामीण सभाओं में भाग लेकर, शिविरों में आवश्यक दस्तावेज जुटाकर ग्रामीणों को इस योजना को अपनाने के लिए प्रेरित किया।

गांव में ही शिविर लगाकर दूर की गईं प्रशासनिक अड़चनें

ग्रामीण क्षेत्रों में सौर ऊर्जा योजनाओं के विस्तार में आमतौर पर जागरूकता की कमी, अधूरे दस्तावेज और बैंकों के चक्कर लगाने जैसी बाधाएं आती हैं। खैरा में इन समस्याओं के समाधान के लिए नियमित अंतराल पर ‘पीएम सूर्य सभाएं’ आयोजित की गईं, जहां ग्रामीणों के सवालों के जवाब देकर उनकी भ्रांतियां दूर की गईं। इसके बाद बैंक अधिकारियों ने गांव में ही विशेष शिविर लगाए। इन शिविरों में दस्तावेजों की जांच, कमियों का सुधार और बैंकिंग औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी कराई गईं, ताकि ग्रामीणों को बैंक शाखाओं के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों, बैंकों और सीएसआर साझेदारों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर इस मॉडल को धरातल पर उतारा।

Show More
Back to top button