Raigarh

रायगढ़ के मातृ एवं शिशु अस्पताल में तीन महिलाओं की बच्चेदानी की जटिल सर्जरी सफल

रायगढ़। मातृ एवं शिशु अस्पताल (एमसीएच) के स्त्री रोग विभाग में तीन महिलाओं की बच्चेदानी निकालने की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। ये महिलाएं बच्चेदानी से जुड़ी विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थीं, जिनमें बच्चेदानी में गांठ और अंदरूनी परत में असामान्य वृद्धि के गंभीर मामले शामिल थे। चिकित्सकों की टीम ने आवश्यक जांच और चिकित्सीय औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों महिलाओं का सफल ऑपरेशन किया।

सामूहिक प्रयास और बेहतर तालमेल से मिली सफलता

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने बताया कि एमसीएच में एक साथ तीन जटिल ऑपरेशन का सफलतापूर्वक संपन्न होना बेहतर चिकित्सीय सुविधाओं और टीम के सामूहिक प्रयास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बच्चेदानी में गांठ और अन्य असामान्य विकारों के कारण महिलाओं को अक्सर गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे मामलों में समय पर जांच, उचित चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यकतानुसार सर्जरी से मरीजों को बड़ी राहत मिलती है।

जिले में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ जटिल समस्याओं के इलाज और अस्पताल की आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। सिविल सर्जन डॉ. दिनेश पटेल ने बताया कि ये सभी ऑपरेशन स्त्री रोग विशेषज्ञों, एनेस्थीसिया टीम, मेडिकल ऑफिसर, ओटी और वार्ड स्टाफ के बेहतर समन्वय से संभव हो सके। एमसीएच इंचार्ज डॉ. अभिषेक अग्रवाल के अनुसार, इस प्रकार की सर्जरी में ऑपरेटिंग सर्जनों के साथ एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और नर्सिंग स्टाफ की भी बेहद अहम भूमिका होती है, जिसे पूरी टीम ने कुशलतापूर्वक निभाया।

ऑपरेशन और देखभाल में शामिल रही विशेष मेडिकल टीम

तीनों जटिल ऑपरेशनों में सर्जन के रूप में डॉ. दिशा ठाकुर क्षत्रिय और डॉ. उपमा पटेल शामिल रहीं। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. उषा भगत और डॉ. घनिष्ठा ने जिम्मेदारी संभाली, जबकि मेडिकल ऑफिसर के रूप में डॉ. रामाशंकर ने अपनी सेवाएं दीं।

ऑपरेशन थिएटर में लता मेहर, जैसिंटा और गुड्डी सिस्टर ने तकनीकी सहयोग दिया। इसके साथ ही वार्ड में प्रधान सिस्टर, शारदा सिस्टर और अंशु सिस्टर ने मरीजों की देखभाल और पोस्ट-ऑपरेटिव उपचार प्रक्रिया में सहयोग किया। जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने सफल सर्जरी में योगदान देने वाले सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की है।

Show More
Back to top button