Raigarh

रायगढ़ में 31 अक्टूबर को भाजपा निकालेगी पदयात्रा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेता होंगे शामिल

रायगढ़। भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आगामी 31 अक्टूबर को रायगढ़ में विशाल पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी विशेष रूप से शामिल होंगे। पदयात्रा में जिलेभर से बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।

सिंदूर पार्क से शुरू होकर गांधी प्रतिमा चौक पर होगा समापन

तय कार्यक्रम के अनुसार, 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क में एक सभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे पदयात्रा शुरू होगी। यह पदयात्रा शहर के सिल्वर पैलेस, मंदिर चौक, न्यू मार्केट, सुभाष चौक, हटरी चौक, हंडी चौक, घड़ी चौक, सत्तीगुड़ी चौक, सिविल लाइन, नटवर स्कूल और स्टेशन चौक होते हुए गांधी प्रतिमा चौक पहुंचेगी, जहां इसका औपचारिक समापन होगा।

संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और जनभागीदारी का संदेश

कार्यक्रम के संयोजक और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीकांत सोमावार ने बताया कि लोकतंत्र की मर्यादा, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जागरूकता और जनभागीदारी जरूरी है। सोमावार ने सभी मंडल अध्यक्षों, मोर्चा-प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं से समय पर सिंदूर पार्क पहुंचने की अपील की है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण धर दीवान ने कहा कि लोकतंत्र जनता के अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का आधार है। पार्टी इस अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जनता तक पहुंचाएगी। वहीं जिला महामंत्री विकास केड़िया ने बताया कि कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर संगठन स्तर पर समन्वय किया जा रहा है और विभिन्न मंडलों व प्रकोष्ठों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

वरिष्ठ जनप्रतिनिधि भी रहेंगे मौजूद

इस पदयात्रा और सभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी के अलावा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप, महापौर जीवर्धन चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गभेल भी उपस्थित रहेंगे। भाजपा नेताओं ने जिले के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम नागरिकों से भी 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे सिंदूर पार्क पहुंचकर कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया है।

Show More
Back to top button