
रायगढ़। नगर निगम प्रशासन द्वारा टैक्स वसूली को लेकर बड़े बकायादारों की सूची तैयार की गई है। बकायादारों को कर जमा करने नोटिस दिया जा रहा है, बावजूद इसके टैक्स जमा नहीं करने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी की जावेगी। फिलहाल शहर के 48 वार्डों में से एक बड़े बकायादार का नाम सूची में शामिल किया गया है। इनसे तकरीबन एक करोड़ रूपए की वसूली की जानी है। नगर निगम प्रशासन ने चालू वित्तीय वर्ष में राजस्व वसूली को शत प्रतिशत करने का भरपूर प्रयास किया जा रहा है। एसआईआर के कार्यों की व्यस्तता के बावजूद नगर निगम आयुक्त ब्रजेश क्षत्रिय ने टैक्स वसूली पर भी विशेष फोकस किया है।
हालांकि वित्तीय वर्ष समाप्त होने में अभी लगभग ढाई माह का समय शेष है और अब तक नगर निगम में 90 फीसदी लक्ष्य की प्राप्ति कर ली है। शेष 10 प्रतिशत को भी पूरा करने के लिए अब बड़े बकायदारों पर सख्ती बरती जा रही है। निगम आयुक्त ब्रजेश क्षत्रिय ने सर्वप्रथम शहर के 48 वार्डों में से प्रत्येक वार्ड से एक बड़े बकायदार का नाम की सूची तैयार करवाई है। बताया जा रहा है कि इस सूची में शामिल 48 बकायादारों से लगभग एक करोड़ रूपए की टैक्स वसूली की जानी है। वहीं निगम की दुकानों का किराया वसूली को लेकर भी बकायदारों को नोटिस दी जा रही है तथा लंबे समय से किराया जमा नहीं करने वाले दुकानदारों की दुकानों को सील करने की भी कार्रवाई समय समय पर की जा रही है।
ये हैं प्रमुख बड़े बकायदार
निगम आयुक्त के निर्देश पर बड़े बकायदारों की सूची बनाई गई है उसके अनुसार प्रमुख रूप से बकायदारों में वार्ड क्रमांक 23 से रेवाचंद/नाकमल से लगभग 7 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 20 से राजेन्द्र सिंह से लगभग ढाई लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 18 से वासुदेव पिता श्यामजी से तकरीबन 4 लाख रूपए, नान्हेलाल पिता श्यामजी से लगभग पौने 3 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 16 से गिन्नी देवी शर्मा से तकरीबन 4 लाख 84 हजार रूपए, वार्ड क्रमांक 4 इरफान अली से तकरीबन ढाई लाख, वार्ड क्रमांक 25 से आशा राठौर लगभग पौने 3 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 26 संजू देवी से करीबन डेढ़ लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 29 लक्ष्मीचंद अग्रवाल से तकरीबन सवा दो लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 31 हलीमून निशा से लगभग सवा लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 36 ओंकार सिंह/राजेन्द्र ङ्क्षसह से लगभग 6 लाख रूपए, वार्ड क्रमांक 46 रामाधीन पेट्रोल पंप से तकरीबन साढ़े 4 लाख रूपए टैक्स के रूप में वसूली की जानी है।

