दीपावली पर यातायात पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, रायगढ़ शहर में पार्किंग, वन-वे और डायवर्सन व्यवस्था लागू, कई मार्गों पर फोर व्हीलर पर प्रतिबंध

रायगढ़। दीपावली पर्व के दौरान जिला मुख्यालय में सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। पुलिस ने व्यापारी वर्ग, गणमान्य नागरिकों और ग्राहकों से नियमों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। इसके तहत शहर के प्रमुख इलाकों में अस्थायी पार्किंग, वन-वे मार्ग, डायवर्सन पॉइंट और चार पहिया वाहनों के लिए नो-एंट्री जोन तय किए गए हैं।
व्यापारियों के लिए निर्देश और पार्किंग व्यवस्था
यातायात विभाग ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया है कि वे अपनी दुकानों के सामने गार्ड या वॉलंटियर तैनात करें, जिससे अव्यवस्थित पार्किंग को रोका जा सके। व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपनी दुकानों का सामान बाहर सड़क पर न निकालें और न ही उसका प्रदर्शन करें। इसके अलावा कर्मचारियों के वाहन पार्किंग में ही खड़े कराने और सुरक्षा के लिहाज से प्रतिष्ठान के सामने अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरा लगाने को कहा गया है।
खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों की सुविधा हेतु पांच स्थानों पर अस्थायी पार्किंग तय की गई है। इनमें सावड़िया भवन प्रांगण, गांधी गंज परिसर, रामलीला मैदान, नगर निगम कॉम्प्लेक्स (पुराना जिला शिक्षा कार्यालय) और श्याम टॉकीज परिसर शामिल हैं। दुकानदारों से कहा गया है कि वे ग्राहकों को इन पार्किंग स्थलों की जानकारी देकर सहयोग करें।
एकांगी मार्ग और डायवर्सन पॉइंट तय
शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस ने कई रास्तों को एकांगी मार्ग (वन-वे) के रूप में संचालित करने का फैसला किया है। इसके अनुसार हण्डी चौक से हटरी चौक, केवड़ाबाड़ी चौक से हटरी चौक, गौरीशंकर मंदिर तिराहा से न्यू मार्केट तिराहा और मालधक्का तिराहा से गांधी प्रतिमा तिराहा की ओर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और वाहनों के सुचारू संचालन के लिए गांधी प्रतिमा, रेलवे स्टेशन चौक, शहीद चौक, गोगाराइस मिल और गद्दी चौक पर डायवर्सन पॉइंट बनाए गए हैं।
इन प्रमुख स्थानों पर चार पहिया वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित
बाजार क्षेत्रों में सुगम आवाजाही बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने पांच प्रमुख स्थानों पर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। इनमें गांधी प्रतिमा, गोगाराइस मिल, हण्डी चौक, सारंगढ़ चौक (अग्रसेन चौक) और गद्दी चौक शामिल हैं।

