चक्रवात ‘अर्नब’ को लेकर रेलवे ने जारी की एडवाइजरी, यात्रियों से ट्रेन की स्थिति देखकर ही निकलने की अपील

बिलासपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की इस चेतावनी को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल यात्रियों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों के परिचालन की अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें और खराब मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतें।
रेलवे की ओर से जारी सलाह में कहा गया है कि यात्री रेलवे स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी संबंधित ट्रेन की रनिंग स्टेटस जरूर देख लें। भारी बारिश और खराब मौसम के चलते सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है, इसलिए स्टेशन तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ट्रेनों के संचालन से जुड़ी सूचनाओं के लिए आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करने की सलाह
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना बोर्ड और डिजिटल स्क्रीन के जरिए ट्रेनों के आवागमन की नियमित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा रेलवे के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स पर भी जरूरी अपडेट्स साझा किए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि ट्रेन रद्द होने, मार्ग परिवर्तन या समय में किसी भी बदलाव की स्थिति में केवल आधिकारिक माध्यमों से मिलने वाली जानकारी पर ही भरोसा करें।
प्लेटफॉर्म पर फिसलन से बचाव और जरूरी सामान साथ रखने के निर्देश
लगातार बारिश के चलते रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर फिसलन बढ़ सकती है। रेलवे ने यात्रियों को इन स्थानों पर संभलकर चलने तथा किसी भी स्थिति में रेलवे ट्रैक पार न करने की हिदायत दी है। यात्रियों को केवल निर्धारित यात्री क्षेत्रों में रहने और ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
इसके साथ ही यात्रियों को यात्रा के दौरान अपना मोबाइल फोन पूरी तरह चार्ज रखने, जरूरी दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क नंबर अपने पास रखने की सलाह दी गई है, जिससे खराब मौसम के बीच सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की जा सके।

