KharsiaRaigarh

रायगढ़ में रफ्तार का कहर : कोयला लोड ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को रौंदा, गर्भवती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की दर्दनाक मौत, भारी तनाव के बीच घंटों रहा चक्काजाम.. Watch Video

रायगढ़, 17 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सिंघनपुर में शुक्रवार की सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर ने स्कूटी सवार परिवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे एक गर्भवती आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन बाधित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम टूंड्री रामपुर निवासी उमा राठिया (33 वर्ष) अपने पति और बच्चे के साथ स्कूटी पर सवार होकर जा रही थीं। उमा अपने मायके सिंघनपुर में ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद पर पदस्थ थीं। सुबह करीब 09 से 09:30 बजे के बीच, जब वे सिंघनपुर के पास पहुंची थीं, तभी कोयला लेकर जा रहे ट्रेलर क्रमांक CG-13-AD-2483 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गर्भवती उमा राठिया सीधे ट्रेलर के भारी पहियों के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में मृतका के पति और मासूम बच्चे को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। जैसे ही इस दुखद घटना की खबर ग्रामीणों को लगी, उनका गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए और मुआवजे की मांग के साथ भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर रोक लगाने की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

चक्काजाम और हादसे की सूचना मिलते ही खरसिया एसडीएम प्रवीण तिवारी, नायब तहसीलदार काजल अग्रवाल, एसडीओपी प्रभात पटेल और भूपदेवपुर थाना प्रभारी संजय नाग पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की काफी कोशिश की। इसी बीच ग्रामीणों की सूचना पर विधायक उमेश पटेल भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए, जिसके बाद प्रशासन के ठोस आश्वासन पर कई घंटों से जारी चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने शव को सारडा एनर्जी की एंबुलेंस से पोस्टमार्टम के लिए खरसिया सिविल अस्पताल भिजवाया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

नीचे देखिए तस्वीरें..

नीचे देखिए विडियो..

Show More
Back to top button