
रायगढ़-खरसिया, 18 जनवरी। रायगढ़ जिले के खरसिया में एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है, जहां चोरों ने भगवान के घर को भी नहीं बख्शा। खरसिया-रायगढ़ रोड पर स्थित सुप्रसिद्ध प्राचीन पंचमुखी हनुमान मंदिर में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना उस वक्त उजागर हुई जब मंदिर के पुजारी नीरज कुमार द्विवेदी हमेशा की तरह सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। उन्होंने देखा कि मंदिर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और भीतर का नजारा देख उनके होश उड़ गए।
चोरों ने मंदिर के भीतर रखी दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें जमा सारी नगदी साफ कर दी थी। मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष विमल गर्ग (बिल्लू) के अनुसार, दान पेटी में श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धा स्वरूप अर्पित की गई लगभग पच्चीस हजार रुपये की राशि मौजूद थी, जिसे चोर लेकर फरार हो गए। इस चोरी से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है क्योंकि यह मंदिर क्षेत्र की गहरी आस्था का केंद्र है। सूचना मिलते ही खरसिया पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का दावा कर रही है।

