Raigarh

रामलीला मैदान का कार्यक्रम अराजकता फैलाने की साजिश: ओपी चौधरी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी पर तीखा राजनीतिक हमला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान में चल रहा घटनाक्रम लोकतंत्र का सम्मान नहीं, बल्कि देश को अराजकता के हवाले करने की सोची-समझी साजिश है। उन्होंने इसे चुनाव में जनता द्वारा बार-बार नकारे गए लोगों का राजनीतिक ड्रामा करार दिया।

अराजकता और ‘रिजीम चेंज’ के एजेंडे का लगाया आरोप

ओपी चौधरी ने दावा किया कि इस कार्यक्रम के पीछे कई दुर्भावनापूर्ण उद्देश्य छिपे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके जरिए सिख समुदाय के पुराने जख्मों को कुरेदने, दिल्ली में अशांति पैदा कर जनता द्वारा चुनी गई सरकार को अस्थिर करने और त्योहारी सीजन में स्थानीय व्यापारियों के कारोबार को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए ओपी चौधरी ने कहा, “राहुल गांधी, कान खोलकर सुन लीजिए, यह भारत है, कोई बनाना रिपब्लिक नहीं, जहां जब चाहे दंगे और आगजनी कराकर ‘रिजीम चेंज’ का एजेंडा चला दें। यह सपना देखना बंद कर दीजिए। भारत दुनिया का सबसे पुराना और सबसे मजबूत लोकतंत्र है।”

1 नवंबर को बताया लोकतांत्रिक इतिहास का काला दिन

ओपी चौधरी ने 1 नवंबर की तारीख का जिक्र करते हुए इसे भारतीय लोकतंत्र का सबसे बड़ा काला धब्बा बताया। उन्होंने कहा कि इसी दिन 1984 में कांग्रेस के संरक्षण में सिखों का कत्लेआम हुआ था, जिसमें हजारों परिवार रातों-रात बेघर हुए और बड़ी संख्या में बहनें विधवा हुईं। उन्होंने कहा कि देश इस ऐतिहासिक त्रासदी को भूला नहीं है।

Show More
Back to top button