अमेरिकी युवती बनी छत्तीसगढ़ की बहू, अमरकंटक में भारतीय रीति-रिवाज से हुआ अंतरराष्ट्रीय विवाह

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक अनोखा और चर्चित विवाह समारोह देखने को मिला, जहां अमेरिका की युवती ने भारतीय संस्कृति को अपनाते हुए छत्तीसगढ़ के युवक से सात फेरे लिए। यह विवाह अमरकंटक स्थित नर्मदा आनंदम रिसॉर्ट में पारंपरिक हिंदू रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। पेंड्रा निवासी अंकित साहू और अमेरिका की कायला की प्रेम कहानी विदेश की धरती से शुरू होकर भारत में विवाह के बंधन में बंधी। इस अंतरराष्ट्रीय विवाह को लेकर पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह देखा गया।
अमेरिका में नौकरी के दौरान हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार अंकित साहू पेंड्रा निवासी रमेश साहू के पुत्र हैं और पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वे इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए अमेरिका के मिलवोकी गए थे, जहां नौकरी के दौरान उनकी मुलाकात कायला से हुई। कायला अमेरिका की एक निजी कंपनी में मैकेनिकल इंजीनियर के रूप में कार्यरत हैं और ऑटो पार्ट्स डिजाइन का कार्य करती हैं। दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम में बदली और दोनों ने आपसी सहमति से विवाह करने का निर्णय लिया।
भारतीय परंपराओं से हुआ विवाह
5 फरवरी को दोनों का विवाह पूरी तरह से भारतीय परंपराओं और धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। मंत्रोच्चार, फेरे और पारंपरिक वेशभूषा में यह विवाह समारोह सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।
अमेरिका से आए मेहमान
इस विशेष अवसर पर वधू पक्ष से करीब डेढ़ दर्जन रिश्तेदार अमेरिका से भारत पहुंचे, जबकि वर पक्ष से भी बड़ी संख्या में परिजन और मित्र उपस्थित रहे। समारोह में विदेशी मेहमानों ने भारतीय संस्कृति का आनंद लिया और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखा।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई शादी
भारतीय युवक और अमेरिकी युवती के इस विवाह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। लोग इस शादी को सांस्कृतिक एकता और प्रेम का सुंदर उदाहरण बता रहे हैं। विवाह स्थल पर स्थानीय लोग भी नवदंपती के साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आए। यह विवाह समारोह न केवल दो परिवारों का मिलन बना, बल्कि भारत और अमेरिका की संस्कृतियों का सुंदर संगम भी साबित हुआ।

