ExclusiveRaigarh

राकेश नामक दलाल ने बनाया एफआरके सप्लाई के लिए मिलर्स का सिंडीकेट

  • लोकल निर्माताओं से 36-37 रुपए में होती है खरीदी, कहां कितना कमीशन देना है सब कुछ तय, अम्बिका परबॉइल्ड के अलावा भी कई सप्लायर

रायगढ़। प्रदेश में फोर्टिफाइड राइस कर्नेल खरीदी के नाम पर भ्रष्टाचार का नया खेल शुरू हो गया है। कस्टम मिलिंग घोटाले में डूबे मार्कफेड के अधिकारियों ने एक बाहरी व्यक्ति के जरिए एक सिंडीकेट बनाया। जानबूझकर शर्तें बदलीं ताकि सिंडीकेट के लोग ही बचे रहें। जिलों का बंटवारा भी कर दिया गया। अब लोकल एफआरके निर्माताओं से 36-37 रुपए में खरीदकर वहीं 60 रुपए में सप्लाई किया जाएगा। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कस्टम मिलिंग घोटाला सामने आया था जो चुनाव में बहुत बड़ा मुद्दा बना था। ईडी और एसीबी ने इस केस में कई अफसरों, नेताओं और राइस मिलर्स को गिरफ्तार भी किया है। कमीशन के लिए मिलिंग चार्ज में मनमानी बढ़ोतरी की गई। ईडी ने मार्कफेड के दफ्तर में भी छापेमारी की थी। इस घोटाले से सबक लेकर व्यवस्था को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के बजाय मार्कफेड ने नया खेल शुरू कर दिया है।

अब तक टेंडर प्रक्रिया और दरों को लेकर खुलासे किए गए हैं। अब इसके मास्टरमाइंड का भी खुलासा हो गया है। बताया जा रहा है कि रायपुर में मार्कफेड की ओर से राकेश नामक व्यक्ति ने इसकी पटकथा लिखी। उसी ने कुछ सप्लायरों का एक सिंडीकेट बनाया। एक होटल में सबकी मीटिंग की गई। वहीं जिलों का बंटवारा कर लिया गया। बाद में नेगोशिएशन बताकर टेंडर खोले जाने का नाटक किया गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि कोई भी सप्लायर खुद निर्माण करके परिवहन नहीं करेगा। बल्कि उसी जिले के निर्माताओं से खरीदकर सप्लाई कराएगा। जैसे रायगढ़ जिले में अंबिका अंबिका परबॉइल्ड कंपनी को 5985 रुपए में टेंडर मिला है, लेकिन कंपनी रायगढ़ के चार-पांच सप्लायरों से 3600-4000 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदकर यहीं सप्लाई कर देगी। मार्कफेड से 5985 रुपए की दर से भुगतान होगा। इसमें प्रति क्विंटल 2000 रुपए की कमाई होगी, जिसमें कई लोगों का कमीशन तय किया गया है।

एक महीने पहले 36-37 रुपए में हुई है खरीदी
मई 25 में एफआरके खरीदने के लिए जिलेवार टेंडर हुआ था। इसमें रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 4967 रुपए प्रति क्विंटल का रेट तय किया गया था। चार फर्मों को ठेका मिला था जो अब भी सप्लाई कर रही हैं, लेकिन इनमें से किसी भी फर्म ने अपने मिल से रायगढ़ सप्लाई नहीं किया। लोकल एफआरके निर्माताओं से 3600-3700 रुपए प्रति क्विंटल में खरीदकर दिया जा रहा था। तब भी कमीशन फिक्स था और अब भी वही किया गया है। रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लिए अब अंबिका परबॉयल्ड प्रोडक्ट्स प्रालि को 5980 रुपए प्रति क्विंटल में ठेका दिया गया है।

Show More
Back to top button