ExclusiveRaigarh

वार्ड 19 में मानकों को ताक पर रखकर हुआ निर्माण! मॉनिटरिंग न होने से उखड़ने लगी परत, महापौर के बाद अब पूर्व सभापति के वार्ड में खराब सड़क का मामला

रायगढ़। शहर के वार्ड नंबर 19 में हाल ही में बनी सीसी सड़क की गुणवत्ता को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। पूर्व सभापति सुरेश गोयल के निवास वाली इस गली में मोहल्ले वासियों को उम्मीद थी कि सरकार बदलने के बाद उन्हें एक मजबूत सड़क मिलेगी, लेकिन निर्माण के कुछ ही दिनों बाद सड़क की ऊपरी परत उखड़ने लगी है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के दौरान जरूरी तकनीकी मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। सड़क की मोटाई को लेकर भी संशय है और निर्माण के बाद इसमें पर्याप्त पानी भी नहीं डाला गया, जो सीसी रोड की मजबूती के लिए सबसे जरूरी होता है।

लोगों का मानना है कि यदि नगर निगम के इंजीनियर और वार्ड पार्षद मौके पर मौजूद रहकर मॉनिटरिंग करते, तो ठेकेदार इस तरह की लापरवाही नहीं कर पाता। गौरतलब है कि रायगढ़ नगर निगम में खराब सड़कों का मुद्दा लगातार गरमाया रहता है। हाल ही में वर्तमान महापौर जीवर्धन चौहान के वार्ड में भी खराब गुणवत्ता के कारण आयुक्त ने सड़क को उखड़वा कर दोबारा बनाने का आदेश दिया था। अब अगर वार्ड 19 में बने नवनिर्मित सीसी सड़क की जांच यदि की जाए तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। नगर निगम प्रशासन और जिम्मेदार अफसरों की अनदेखी के कारण जनता के पैसे का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है।

रायगढ़ में एक तरफ विधायक ओपी चौधरी विकास कार्यों को रफ्तार दे रहे हैं, लेकिन निगम के सुस्त अफसर और गैर जिम्मेदार नेता, इंजीनियर और ठेकेदारों के साथ मिलकर सरकार की साख खराब कर रहे हैं। अगर समय रहते इन गैर जिम्मेदार नेताओं, अफसरों और ठेकेदारों पर लगाम नहीं कसी गई, तो जनता के टैक्स का करोड़ों रुपया इसी तरह धूल में मिलता रहेगा। बहरहाल लोगों का कहना है कि अगर अभी इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो कुछ ही महीनों में यह सड़क पूरी तरह खराब हो जाएगी। अब देखना होगा कि निगम प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Shource : Nyay Swar

Show More
Back to top button