प्रभारी प्राचार्य की पिटाई को लेकर चन्द्रपुर कॉलेज में हंगामा

चन्द्रपुर। शासकीय नवीन महाविद्यालय चन्द्रपुर के प्रभारी प्राचार्य के साथ प्रोफेसर ने गुरूवार को मारपीट करने के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। छात्रों ने आरोपी प्रोफेसर पर कार्रवाई करने की मांग को लेकर कॉलेज के सामने धरने पर बैठ गये थे। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पंहुची और प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों को जांच उपरांत कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। विवादों से घिरे चंद्रपुर के शासकीय नवीन महाविद्यालय में गुरूवार को प्रभारी प्राचार्य चरण दास बर्मन के साथ प्रोफेसर ऋषि कुमार चन्द्रा ने मारपीट की थी। इस मामले की प्रभारी प्राचार्य ने थाने में लिखित शिकायत भी की थी। प्राचार्य की शिकायत पर पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज नहीं किये जाने से कॉलेज के छात्र छात्राएं प्रभारी प्राचार्य के पक्ष में कॉलेज के सामने ही धरने में बैठ कर आरोपी प्रोफेसर पर कार्रवाई की मांग करने लगे।
छात्रों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि आरोपी प्रोफेसर पर तत्काल एफआईआर कर कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, मामले की सूचना मिलने पर चन्द्रपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को आश्वस्त किया कि शिकायत की जांच की जा रही है तथा जांच उपरांत कार्रवाई की जावेगी। बताया जा रहा है कि कॉलेज में हुए इस हंगामे से छात्रों के अलावा चन्द्रपुर के रहवासियों में भी काफी आक्रोश है। शुक्रवार को कॉलेज के सामने छात्रों द्वारा धरना दिये जाने के दौरान प्रोफेसर ऋषि कुमार चन्द्रा भी वहां मौजूद था, जिसे कॉलेज के बाहर खड़ी भीड़ ने पकड़ कर उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी थी, परंतु मौके पर मौजुद पुलिस ने बीच बचाव कर किसी तरह उसे भीड़ से निकाला और थाने ले आई।
क्या कहते हैं प्रभारी प्राचार्य
कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य चरणदास बर्मन ने बताया कि प्रोफेसर लक्ष्मी प्रसाद कर्ष को एक कारण बताओ नोटिस जारी की गई थी। इस नोटिस के संबंध में लक्ष्मी प्रसाद से गुरूवार को अपने चेम्बर में बात कर रहा था, इसी दौरान प्रोफेसर ऋषिकुमार चन्द्रा वहां आकर वीडियो बनाने लगे। वीडियो बनाने से मना करने पर चन्द्रा ने यह मेरा मामला है, कहते हुए जातिगत गाली-गलौज की तथा हमला करने का प्रयास किया। उंगली को भी दंात से काटा। इस मामले की थाने में लिखित शिकायत की गई है।

