Chhattisgarh

महासमुंद में अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की सख्ती, सरायपाली में 8 बिचौलिए पकड़े गए

महासमुंद। जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सरायपाली क्षेत्र में अवैध रूप से धान का परिवहन करते हुए 8 बिचौलियों को पकड़ा गया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा इस पर सतत निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।

8 बिचौलियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

सरायपाली अनुविभागीय दण्डाधिकारी तेजपाल सिंह ध्रुव ने बताया कि शुक्रवार को अवैध रूप से धान का परिवहन करते पाए गए कुल 8 बिचौलियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 126, 135 एवं 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध परिवहन अथवा बिचौलियों की संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

निगरानी के लिए बनाई गईं 8 जांच चौकियां

अवैध धान परिवहन और बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के उद्देश्य से सरायपाली क्षेत्र में कुल 8 जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। इन चौकियों के माध्यम से धान के अवैध परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार ही धान का विक्रय करें। इसके साथ ही धान के अवैध परिवहन, खरीदी-बिक्री या बिचौलियों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने का आग्रह किया गया है।

Show More
Back to top button