ExclusiveRaigarh

डिग्री कॉलेज में अभाविप ने किया हल्लाबोल

रायगढ़। डिग्री कॉलेज में रेडक्रास यूनिट में अनियमितता और सफाई व्यवस्था सही नहीं होने का आरोप लगाते हुए एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय में धरना प्रदर्शन किया। वहीं प्राचार्य ने सफाई व्यवस्था में और सुधार करने तथा रेडक्रास की अनियमितता को भी दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाये जाने आश्वस्त किये जाने के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त करते हुए कहा कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं आया तो भविष्य में फिर से आंदोलन किया जायेगा।

डिग्री कॉलेज मेें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय में संचालित रेड क्रास यूनिट का संचालन सही रूप से नहीं होने तथा महाविद्यालय में साफ सफाई के मुद्दे को लेकर धरना प्रदर्शन किया। छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना था कि कई वर्षों से एक ही प्रध्यापिका द्वारा रेड क्रास यूनिट का संचालन किया जा रहा है जो अपने कार्यालय में बहुत कम उपस्थित रहती हैं तथा यूनिट द्वारा न तो कोई कार्यक्रम कराये जाते हैं और न ही छात्रों का पंजीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा प्रबंधन द्वारा महाविद्यालय परिसर की साफ सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। परिसर में झाड़ू समय पर नहीं लगाई जाती है जिससे गंदगी रहती है। छात्र संघ ने इस मामले में कॉलेज प्राचार्य की भी जिम्मेदारी पर सवाल उठाए।

कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ. सोफिया अंब्रेला ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से चर्चा करते हुए कहा कि उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि सफाई व्यवस्था में सुधार किया जाएगा और रेड क्रॉस संचालन में अनियमितताओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। प्रभारी प्राचार्य के आश्वासन के बाद एबीवीपी ने धरना समाप्त कर दिया। वहीं प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि उचित व्यवस्था नहीं बनाई गई, तो भविष्य में फिर से इन मुद्दों को लेकर वे आंदोलन करेंगे।

Show More
Back to top button