
- दिसंबर 2025 तक मिली थी मोहलत, 2021 में शुरू हुआ था प्रोजेक्ट
रायगढ़, 18 जनवरी। रायगढ़ जिले में एक और रोड पांच साल से बन रही है, जो अब तक पूरी नहीं हो सकी है। अब इसमें भारतमाला रोड प्रोजेक्ट और छाल कोयला खदान के कारण नई दिक्कतें आ रही हैं। पहले ही प्रोजेक्ट में देरी हो चुकी है और अब जून 2026 तक मोहलत मांगी जा रही है। लोक निर्माण विभाग ने चंद्रपुर, डभरा, खरसिया, धरमजयगढ़ से पत्थलगांव तक 91 किमी रोड निर्माण के लिए 147 करोड़ की मंजूरी दी थी। 2021 में जबलपुर मप्र की ठेका कंपनी श्रीजी इंफ्रास्ट्रक्चर को दिया गया था। 30 महीने में काम पूरा होना था। किसी भी स्थिति में 2024 में काम पूरा हो जाना था लेकिन कई तरह की रुकावटों की वजह से प्रोजेक्ट अधूरा ही है। पीडब्ल्यूडी ने दिसंबर 2025 तक मोहलत बढ़ाई थी। छाल से धरमजयगढ़ के बीच रोड पूरी बन चुकी है। लेकिन बाकी के हिस्सों में समस्या है। खरसिया से छाल के बीच करीब साढ़े 4 किमी रोड में कोयला खदान के कारण परेशानी है।
मिली जानकारी के मुताबिक एसईसीएल ने छाल खदान के विस्तार प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है जिसमें यह रोड प्रभावित हो रही है। इसलिए खदान को छोड़ते हुए दूसरी दिशा में सडक़ बनानी होगी। धरमजयगढ़ से पत्थलगांव के बीच 44 किमी हिस्से में भारतमाला परियोजना की बाधा आ गई है। पत्थलगांव तक रोड को 13 जगहों पर भारतमाला परियोजना की रोड काट रही है। इन 13 जगहों पर रोड कटने की वजह से 16 किमी रोड खराब हो रही है। इन जगहों पर रोड नहीं बनाई जा सकती। इसके अलावा छाल से धरमजयगढ़ के बीच तीन जगहों पर रेल लाइन भी रोड को काटते हुए निकल रही है। इन जगहों पर ओवरब्रिज बनाए जाने हैं। चंद्रपुर से डभरा के बीच भी रोड कई जगहों पर उखड़ चुकी है।
रेलवे रिश्वत कांड के कारण रुका था काम
यह रोड प्रोजेक्ट इसलिए भी पीछे हो गया क्योंकि श्रीजी इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के मालिक रिश्वतकांड में फंस गए। सीबीआई ने रेलवे के अधिकारियों को रिश्वत देने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी जिसके बाद एमडी ज्ञानेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया था। ठेका कंपनी ने चार-पांच महीने तक काम पूरी तरह बंद कर दिया था।

