रक्सापाली के पास अज्ञात गाड़ी ने ठोकर मारी, महिला की मौत

रायगढ़। अस्पताल में भर्ती मां को देखने आ रहे ग्रामीण की मोटरसायकिल को अज्ञात वाहन का चालक तेज रफ्तार गाड़ी चलाते हुए पीछे से ठोकर मार कर फरार हो गया। इस घटना में बाईक सवार व उसके साथ आ रही परिवार की ही एक महिला चोटिल हो गये। आस-पास के लोगों ने दुर्घटना में घायल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्रारभिक जांच उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला को मामूली चोट आई है। उक्त घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार खरसिया थानांतर्गत ग्राम ठुसेकेला निवासी भवानी लाल यादव की मां बीमार होने के कारण उसे रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शनिवार की रात तकरीबन 9 बजे भवानी लाल परिवार की एक अन्य महिला सदस्य के साथ मोटरसायकिल से अपनी मां को देखने रायगढ़ आ रहा था। इसी दौरान रक्सापाली गांव के पास पीछे से आ रहे वाहन के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी बाईक को ठोकर मार कर फरार हो गया। इधर वाहन की ठोकर से भवानीलाल व साथ में बैठी महिला सडक़ पर गिर गये।
भवनीलाल को गंभीर चोट आई थी, जिससे वह बेहोश हो गया था। वहीं, दुर्घटना को देख आस-पास के लोग वहां जमा हो गये जिन्होंने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्रारंभिक जांच उपरांत चिकित्सकों ने भवानीलाल यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अस्पताल से मिली तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपते हुए फरार वाहन चालक की पतासाजी शुरू की है।

